मानसून में देरी के चलते गुड़गांव में पेयजल के लिए आने वाले नहरी पानी की चोरी हो रही है। आलम यह है कि पानी की आपूर्ति आवश्यकता से आधी हो गई है। उपायुक्त ने नहरी पानी की कड़ी सुरक्षा के लिए पुलिस पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया है।
हुडा के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आने वाला नहरी पानी बीते दो दिनों से आधा आ रहा है। इसके चलते आने वाले समय में पानी की किल्लत हो सकती है। हुडा अपने स्टोर पानी का ट्रीटमेंट करके आपूर्ति कर रहा है।
उपायुक्त शेखर विद्यार्थी ने पानी की आपूर्ति में हो रही कमी को देखते हुए झज्जर जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें यह बात सामने आई कि सोनीपत से गुड़गांव के लिए आने वाले नहरी पानी की चोरी किसानों की ओर से की जा रही है।
सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता केसी यादव ने बताया कि एनसीआर चैनल में पानी की मात्रा पीछे से बढ़ा दी गई है, जिसके बाद गुड़गांव में पेयजल की किल्लत नहीं होगी।
हुडा विभाग के अधीक्षण अभियंता आदर्श गुप्ता के अनुसार गुड़गांव शहर में प्रतिदिन औसतन 140 क्यूसेक पेयजल की आवश्यकता होती है। बैठक के बाद सिंचाई विभाग तथा हुडा विभाग के अधिकारियों ने गुड़गांव के जलघरों का संयुक्त निरीक्षण किया।