उन्होंने बताया कि घर में करीब 500 ग्राम सोने के गहने और दो किलो चांदी थी। इसके अलावा चोर एक लाख रुपये की नकदी भी लेकर फरार हो गए। पहले तो सभी को लगा कि चोर इतने ही सामान ले गए हैं। जब सुनील वापस लौटे तो पता चला की उनकी अलमारी का ताला तोड़कर भी चोर 700 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए हैं।
कविनगर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पहले उन्होंने बेटे के कमरे से चोरी हुई ज्वेलरी की तहरीर नहीं दी थी, लेकिन उसे भी विवेचना में शामिल कर लिया जाएगा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी घटना को प्लानिंग के तहत अंजाम दिया गया है। चोरों को जानकारी थी कि परिवार के सभी लोग बाहर जा रहे हैं। दिन में घर के अंदर ताला लगा होगा। उसी दौरान उन्होंने ताला तोड़कर करीब 40 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार जहां रहता है वह वीआइपी कॉलोनी है। सभी बड़े लोग रहते हैं, लेकिन पूरी कालोनी में किसी के घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। जिन लोगों के यहां कैमरे लगे हैं वो खराब हो चुके हैं।
मालूम हो कि कविनगर थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। संजयनगर में प्रॉपर्टी डीलर के घर में दो लाख रुपये की नकदी और दो लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी कर ली गई थी। गोविंदपुरम में शिक्षिका के यहां नौ लाख रुपये का कैश और पांच लाख रुपये की ज्वैलरी ले गए थे। पति पत्नी स्कूल चले गए थे और बेटी बाहर पढ़ाने गई हुई थी। इसके अलावा राजनगर में भी चोर कारोबारी के यहां रात में एक करोड़ रुपये से अधिक की ज्वैलरी और नकदी चोरी करके ले गए थे।