राजधानी में बदमाश लगातार ज्वेलरों को अपना निशाना बना रहे हैं। कोतवाली थाने से महज कुछ दूरी पर स्थित एक ज्वेलरी की दुकान में बदमाशों ने रविवार रात धावा बोल दिया और दुकान से करोड़ों के गहने पर हाथ साफ कर दिया।
हालांकि छानबीन के बाद पीड़ित ने दुकान से 25 लाख रुपये कीमत के गहने और दस लाख रुपये कैश चोरी होने की शिकायत दी है। वहीं करोलबाग में एक कारीगर ने अपने बेटे के जन्मदिन की पार्टी देने के दौरान अन्य कारीगरों को नशीला पदार्थ खिलाया और करोड़ों के गहने पर हाथ साफ कर फरार हो गया। 24 घंटे के भीतर हुए दोनों ही मामलों को लेकर ज्वेलरों में रोष है।
पुलिस के अनुसार राकेश कुमार सपरिवार स्वास्थ्य विहार में रहते हैं। उनकी चांदनी चौक के कूंचा नटवा स्थित आरपी ऑर्नामेंट्स ज्वैलर्स नाम के गहने की दुकान है। दुकान पर उनका बेटा पुनीत बैठता है। सोमवार तड़के पांच बजे राकेश को सूचना मिली कि चोरों ने उसके दुंकान के शर्टर को तोड़ दिया है। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
theft in chandni chouk
- फोटो : विवेक निगम
राकेश गुप्ता ने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। जिसमें पांच बदमाशों को वारदात को अंजाम देते हुए देखा गया है, उनके पास एक काले रंग की बड़ी सी गाड़ी थी, जिसमें एक बदमाश बैठा हुआ था।
अन्य चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों के पास गैस कटर भी था। बदमाश एक रॉड व गैस कटर से दो शर्टर और 16 ताले काटने के बाद भीतर गये। सीसीटीवी में घटना के समय कुछ राहगीर रास्ते से गुजर रहे थे लेकिन किसी ने बदमाश को कुछ भी नहीं कहा।
सुबह राकेश ने बताया कि चोर करोड़ के आस पास के गहने व कैश चुराकर ले गये हैं, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने करीब 25 लाख के गहने और दस लाख रुपये पर हाथ साफ किया है। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में कर लिया है।
ज्वेलर का मुख्य काम चांदी का है
theft in chandni chouk
- फोटो : विवेक निगम
हालांकि कैमरे में कैद बदमाशों ने नकाब पहन रखा था। पुलिस ने राकेश की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकान कोतवाली थाने से महज कुछ दूरी पर है। ज्वेलरों का कहना है कि थाने के पास ही वारदात हो जाए तो अन्य जगहों पर सुरक्षा तो भगवान भरोसे है।
राकेश की दिल्ली में कई दुकान हैं, उनका मुख्य काम चांदी का है। वह चांदी खरीदने के बाद उससे गहने, सिक्का और बर्तन बनवाकर उसे अपनी दुकान से बेचते हैं। उनके दुकान में काम करने वाले ज्यादातर कर्मचारी महिला है।
पुलिस अधिकारियों का कहना बदमाशों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया है उससे लगता है कि किसी पेशेवर गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों व पूर्व कर्मचारियों का लिस्ट बना कर उनसे पूछताछ कर रही है।