- तुगलक रोड थाना पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली के काका नगर इलाके में एक पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के सरकारी आवास में हुई चोरी का मामला 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया है। तुगलक रोड थाना पुलिस ने नाला झुग्गी, तैमूर नगर निवासी इमरान उर्फ सावन को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
डीसीपी विनीत कुमार के घर से चोरी हुए सभी सामान बरामद कर लिए गए हैं। इनमें आईफोन, हीरे की अंगूठी, करीब 10 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। आरोपी इमरान उर्फ सावन पहले भी ऐसे छह मामलों में शामिल रहा है। नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि यह घटना 11 अगस्त की है। डीसीपी सुबह करीब 5:30 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब 8:00 बजे लौटने पर उन्होंने घर का सामान अस्त-व्यस्त पाया। रसोई के पास का एक दरवाजा खुला था, जिसे बंद नहीं किया जा सकता था।
चोरी हुए सामान और जांच
चोरी हुए सामान में डीसीपी की पत्नी का आईफोन, हीरे की अंगूठी, 10 हजार रुपये नकद और पहचान संबंधी दस्तावेज थे। अधिकारी का दिल्ली पुलिस पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और सीजीएचएस कार्ड वाला बटुआ भी चोरी हुआ। एक घरेलू कर्मचारी का मोबाइल फोन भी गायब था। तुगलक रोड थाने में मामला दर्ज होने के बाद जिला अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया।