नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के रणहौला थाना क्षेत्र में छत की सफाई करते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आकर झुलसी 23 वर्षीय उर्मिला की 13 दिन बाद मौत हो गई। बृहस्पतिवार देर रात सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में उसने अंतिम सांस ली। इतने दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद भी युवा जिंदगी हार गई। 17 अक्टूबर की सुबह शिव विहार के विकास विहार में उर्मिला अपने घर की छत पर साफ-सफाई कर रही थीं। अचानक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से उनका संपर्क हो गया। जोरदार विस्फोट हुआ और करंट ने उन्हें गंभीर रूप से झुलसा दिया। दर्द से कराहती युवती को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। बर्न वार्ड में 13 लंबे दिनों तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन जिंदगी की जंग वे हार गई।
दर्जन से अधिक मकानों में हो गया था शार्ट-सर्किट : हादसे का असर सिर्फ एक परिवार तक सीमित नहीं रहा। विस्फोट के कारण आसपास के एक दर्जन से अधिक मकानों में शार्ट सर्किट हो गया। बिजली के बोर्ड, बल्ब, ट्यूबलाइट, फ्रिज और पंखों से चिंगारियां निकलने लगीं। लोगों को तभी अहसास हुआ कि छत पर काम कर रही युवती हाईटेंशन तार की चपेट में आ चुकी है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।