नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम जिला साइबर सेल ने एक महिला को घर पर काम देने का झांसा देकर ठगने वाले जालसाज को पकड़ा है। आरोपी की पहचान मोती नगर निवासी पार्थ भाटिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल बरामद किया है। जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी अंशुला शर्मा ने ठगी की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप के जरिये संपर्क कर घर में काम देने का ऑफर दिया। इसके लिए बतौर सिक्योरिटी फीस 15 हजार जमा करवाए और काम के लिए लैपटॉप में जरूरी अपग्रेड के बहाने उनका एप्पल मैकबुक भी मंगवा लिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर निरीक्षक दिनेश दहिया के नेतृत्व में तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। ब्यूरो