लगता है ओखला से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। उनके खिलाफ छेड़छाड़ और जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाने की शिकायत करने वाली महिला ने रविवार को जामिया नगर पुलिस को एक सीडी और पेनड्राइव सौंपी है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो पेनड्राइव में कुछ ऑडियो कॉल की रिकॉर्डिंग है, जबकि सीडी में कुछ फोटो हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने अमानतुल्लाह खान और उनके कुछ करीबियों की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकार्ड) निकलवाई है। रविवार को साकेत कोर्ट में महिला का 164 का बयान दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया है कि अमानतुल्लाह खान पिछले करीब डेढ़ साल से उससे संबंध बनाने का प्रयास कर रहे थे। अक्सर रात के समय वह कॉल कर मिलने की बात करते थे।
यही नहीं विधायक अपने करीबी लोगों से भी कॉल कराकर उस पर दबाव बनाते थे। कई बार उसे होटल में मिलने को भी कहा गया। शुरू में उसके पति को भी नौकरी दिलवाने का झांसा देने का प्रयास किया गया।