नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर में बिल्डरों के झूठे वादों से नाराज बायर्स आज शहर में होने वाले बिल्डरासुर दहन में शामिल होंगे। शनिवार को मौलिक भारत संगठन सांकेतिक तौर पर बनाए गए बिल्डर के पुतले ‘बिल्डरासुर’ का दहन करेगा।
संगठन के सदस्य रिटायर्ड कैप्टन विकास गुप्ता ने बताया कि करीब 25 फीट ऊंचा बिल्डर का पुतला बनवाया गया है। इसे गाजियाबाद रामलीला में रावण का पुतला बनाने वाले कलाकार ने तैयार किया है।
शनिवार शाम 5 बजे बोटेनिक गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास पुतले को फूंका जाएगा। उन्होंने बताया कि बिल्डरों ने यहां के बायर्स के साथ छल किया है। उन्होंने धोखे से बायर्स से पैसा ले लिया और अब तक उनको फ्लैट नहीं मिला।
लिहाजा उनका पुतला दहन करने का काम किया जाएगा। इसमें एनसीआर के करीब 250 बायर्स और उनके परिवार के लोग पहुंचेंगे। प्रत्येक प्रोजेक्ट में पजेशन नहीं मिले दो से चार तक बायर्स को बुलाया गया है। यह बायर्स पुतला दहन के दौरान वहां मौजूद रहेंगे। पुतले पर डिफाल्टर बिल्डरों के नाम भी लिखे होंगे।
उनका कहना है कि बिल्डरों की ओर से लगातार झूठे वादे किए जा रहे हैं। ग्राहकों को अपने मायाजाल में फंसाकर उनके अपने मकानों के लिए ही उनको संघर्ष करने पर मजबूरकिया जा रहा है। यही नहीं ग्राहकों की समस्या को सुनने वाला भी कोई नहीं है।
पुतला दहन का मकसद सरकार व प्राधिकरण को इस ओर ध्यान आकर्षित कराना भी है। यही नहीं इसका दूसरा मकसद यह है कि इसके बाद कोई इनके झूठे प्रलोभनों में न फंसे। इसी के जनजागरण के लिए मौलिक भारत बिल्डरों के पुतले का दहन करेगा।