संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। इंडिया हैबिटेट सेंटर में सोमवार को भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य और कला को समर्पित रहा। उत्सव एजुकेशनल एंड कल्चरल सोसाइटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय समारोह की पहली शाम गुरु रंजना गौहर की प्रस्तुति ‘चित्रांगदा-द वॉरियर प्रिंसेस’ के नाम रही। इस उत्सव को ‘सारे जहां से अच्छा’ शीर्षक से आयोजित किया गया। इस दौरान रवींद्रनाथ टैगोर की महाभारत आधारित चर्चित रचना से प्रेरित इस प्रस्तुति में मणिपुर की योद्धा राजकुमारी चित्रांगदा की कहानी को नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से मंच पर उतारा गया। चित्रांगदा की यात्रा केवल एक योद्धा राजकुमारी की कहानी नहीं रही, बल्कि अपनी पहचान तलाशती उस स्त्री की कथा बनकर सामने आई, जो सुंदरता और स्त्रीत्व की तय धारणाओं से आगे बढ़कर अपने अस्तित्व को स्वीकार करती है।