सूरजकुंड मेले की मुख्य चौपाल पर शहर की आठ वर्षीय हेजल शर्मा ने तंजानिया के डांस ग्रुप के साथ बेहतरीन प्रस्तुति दी। सफी थियेटर ग्रुप के कलाकारों के साथ हेजल शर्मा ने नृत्य में हवा में कलाबाजी सहित हैरतअंगेज करतब दिखा दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
डीएलएफ सेक्टर 10 में रहने वाले कारोबारी विजेंद्र शर्मा की बेटी हेजल ने यह मुश्किल नृत्य मात्र दो घंटे में सीखा। सीकरी स्थित प्रिसिडियम स्कूल की कक्षा चार की छात्रा हेजल शर्मा ने बताया कि वह सोमवार को भाई आकाश शर्मा के साथ सूरजकुंड मेला देखने आई थी।
उसे तंजानिया का जंबोका नृत्य बहुत पसंद आया। प्रस्तुति देने के बाद वह तंजानिया के कलाकारों से मिलने स्टेज के पीछे गई। वहां पता चला कि डांस ग्रुप की सबसे छोटी कलाकार बीमार है इसलिए प्रस्तुति में शामिल नहीं हो पा रही है।
इस दौरान अगली प्रस्तुति के लिए दो कलाकार प्रेक्टिस कर रही थीं, हेजल भी उनके डांस स्टेप हू ब हू करने लगी। इस पर ग्रुप के लीडर क्वामे ने उन्हें ग्रुप के साथ परफॉर्मेंस देने को कहा। उन्होंने तुरंत हां कर दी।
हेजल ने बताया कि सोमवार शाम को ही उन्होंने ग्रुप के साथ करीब दो घंटे रिहर्सल की। मंगलवार दोपहर बाद मुख्य चौपाल पर उन्होंने सफी थियेटर ग्रुप के साथ प्रस्तुति दी तो दर्शकों ने नृत्य के अंत तक तालियां बजा कर उनका उत्साहवर्धन किया।