नई दिल्ली। दिल्ली में भाजपा की सरकार आते ही सीलिंग का दौर फिर से शुरू हो गया है। यह आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने व्यापारियों और दुकानदारों को सावधान रहने की हिदायत दी है।
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कुछ साल पहले भी भाजपा की एमसीडी ने इसी तरह हजारों लोगों की रोज़ी-रोटी छीन ली थी। उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या भाजपा की एमसीडी और दिल्ली सरकार को इस इलाके के कॉमर्शियल एरिया होने के बारे में जानकारी नहीं है। क्या कोर्ट को गुमराह करके दुकानों की सीलिंग करवाई जा रही है? सौरभ भारद्वाज ने कहा कि डिफेंस कॉलोनी से लेकर राजेंद्र नगर तक मार्केट में दुकानों की सीलिंग की गई थी और अब वही दौर चांदनी चौक में वापस आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चांदनी चौक में सील की गई दुकानों की तस्वीरें साझा की और चेतावनी दी कि व्यापारियों और दुकानदारों की आवाज दबाने का यह प्रयास अस्वीकार्य है और इसे लेकर वे आंदोलन के लिए तैयार हैं। ब्यूरो