दिल्ली के नजदीक सस्ता घर लेने की सोच रहे लोगाें का सपना आवास विकास परिषद पूरा करने जा रहा है। आवास एवं विकास परिषद अजंतापुरम योजना में जल्द ही दो हजार सस्ते आशियाने लांच करने जा रहा है।
एक माह में योजना का लेआउट पास होने की उम्मीद है, जिसके बाद दो हजार फ्लैटों की सस्ती स्कीम लांच कर दी जाएगी। आवास एवं विकास परिषद की करीब 285 एकड़ की अजंतापुरम योजना पिछले करीब तीन वर्ष से किसानों के मुआवजे के विवाद में अटकी हुई थी।
आवास आयुक्त एमकेएस सुंदरम ने बताया कि योजना का ट्रांसपोर्ट ले-आउट प्लान तैयार कर लिया गया है। जल्द ही शेष ले-आउट भी पास हो जाएगा। इसे भी एक माह में पास होने की उम्मीद है।
इसके बाद तुरंत दो हजार फ्लैटों की योजना लांच की जाएगी। सस्ते फ्लैटों के बाद बहुमंजिला इमारतों की योजना भी लांच की जाएगी।
योजना में देरी का सबसे बड़ा कारण किसानों का मुआवजा घोषित नहीं किया जाना था। अधिकारियों के अनुसार परिषद की ओर से मुआवजे की राशि प्रशासन को दे दी गई है।
मधुबन-बापूधाम में बनेंगे 96 मिनी एमआईजी
जीडीए 15 अगस्त को मधुबन-बापूधाम में 96 मिनी एमआईजी फ्लैट्स की स्कीम लांच करेगी। जीडीए अधिकारियों ने एमआईजी फ्लैट्स की स्कीम को लांच करने की तैयारी शुरू कर दी है।
फ्लैट की कीमत करीब 22 लाख रुपये होगी। एक-दो दिन में स्कीम की घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही मधुबन-बापूधाम में 250 से 450 वर्गमीटर के प्लॉट की भी स्कीम आ सकती है।