संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। बरसात के मौसम के साथ जिले में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। इसको लेकर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनप्रीत सिंह ने आमजन से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए। कूलर, टायर, गमले और छत पर जमा पानी मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने लोगों से पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी व रिपेलेंट का उपयोग करने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही यदि किसी को तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाने को कहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।