संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नूंह द्वारा एडीआर सेंटर में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन हुआ। शिविर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-चेयरमैन डॉ. सुशील कुमार गर्ग के निर्देश और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव नेहा गुप्ता के मार्गदर्शन में हुआ। शिविर में सिविल अस्पताल, मंडीखेड़ा की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने नेत्र जांच, ब्लड प्रेशर (बीपी) व ब्लड शुगर जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। साथ ही मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी व वादकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में सहायक रही, बल्कि न्यायिक तंत्र से जुड़े लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।