लॉकडाउन के बीच जरूरतमंदों की मदद में सामाजिक, धार्मिक संगठन व व्यापारी लगातार योगदान दे रहे हैं। अमर उजाला फाउंडेशन के नेतृत्व में रविवार को भी संस्थाओं ने विभिन्न शहरों में गरीबों को भोजन के पैकेट, राशन व अन्य जरूरत की चीजें वितरित कीं।
लखनऊ में फाउंडेशन द्वारा व्यापारियों व विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से गोमतीनगर के खरगापुर, रामआसरे का पुरवा आदि क्षेत्रों में जरूरतमंदों को राशन के पैकेट व मास्क बांटे गए।
गोरखपुर में गैंलेंट इंडिया समूह ने फाउंडेशन की मार्फत जरूरतमंदों के लिए राशन के पैकेट दिए। गाजियाबाद में महाराजा अग्रसेन रसोई, गाजियाबाद केमिस्ट एसोसिएशन, गाजियाबाद बिल्डर एसोसिएशन ने लोगों को भोजन के पैकेट वितरित किए।
मेरठ में फाउंडेशन के साथ जन कल्याण वेलफेयर सोसाइटी, छावनी रामलीला कमेटी और डोनेट स्माइल संस्था की टीम ने रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों में जरूरतमंद परिवारों को वन किट वन फैमिली पैकेज राशन वितरित किया।
मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर व कानपुर में भी विभिन्न संस्थाओं ने भोजन के पैकेट व अन्य जरूरत की चीजें गरीबों में वितरित किए। इटावा में आलोक फाउंडेशन की अध्यक्ष सरोज पाल ने जरूरतमंदों के लिए एक स्टोर बना लिया है। वहां से प्रतिदिन चार से छह जरूरतमंदों को राशन उपलब्ध करा रही हैं।
झज्जर में पंचायती गुरुद्वारा, बाबा नानक निष्काम सेवा समिति, आप, हम संगठन और अमर उजाला फाउंडेशन ने आपसी सहयोग से रविवार को जरूरतमंदों को खाना खिलाया।
सोनीपत में सेफ इंडिया फाउंडेशन, भारत विकास परिषद गोविंद शाखा, रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत एक्सीलेंस, महाराजा अग्रसेन समाज कल्याण समिति के साथ मिलकर अमर उजाला फाउंडेशन लगातार खाना बंटवा रहा है।