पश्चिम जिले के मियांवाली नगर इलाके में बुधवार दिन-दहाड़े बदमाशों ने राज्यसभा अधिकारी के घर से 50 लाख रुपये का माल उड़ा लिया। वारदात के समय अधिकारी अपने दफ्तर में थे।
इनकी पत्नी किसी काम से बाहर गई थीं, जबकि इनके पिता बच्चे को स्कूल लेने गए थे। इस बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। खबर मिलते ही जिले के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित विजय कुमार परिवार के साथ जीएच ब्लॉक मियांवाली नगर में रहते हैं। इनके परिवार में बुजुर्ग पिता कृष्ण लाल, मां, पत्नी व अन्य सदस्य हैं। विजय राज्यसभा में सीनियर एग्जेक्टिव हैं।
बुधवार करीब 12.45 बजे कृष्ण लाल अपनी पत्नी को लेकर पोती को लेने स्कूल चले गए। सवा दो बजे के करीब जब वह वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। घर से करीब सवा लाख रुपये कैश और करीब 49 लाख रुपये के जेवरात गायब थे। पीड़ित के मुताबिक घर में विजय की पत्नी व उसकी मां के जेवरात रखे हुए थे। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।