1,100 से 10,000 रुपये तक वसूले, दूसरा मोबाइल नंबर भी जांच के घेरे में
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर केस में गिरफ्तार तांत्रिक कमरुद्दीन की गतिविधियों को लेकर जांच में नए खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पांच लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित कर उनसे विभिन्न तंत्र क्रियाओं को अंजाम दिलवा रहा था। इन गतिविधियों के सबूत चैट लॉग और मोबाइल रिकॉर्ड से सामने आए हैं। सूत्रों ने बताया कि प्रभावित लोग जहांगीरपुरी, गाजीपुर और लोनी के निवासी हैं। ये लोग अपनी बीमारियों का इलाज कराने के बहाने कमरुद्दीन के संपर्क में आए थे।
आरोपी ने उनसे 1,100 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक की रकम ली, यह कहते हुए कि यह इलाज की प्रारंभिक प्रक्रिया का हिस्सा है। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने पीड़ितों से शुरुआती तौर पर इतने रुपये लिए यदि समय रहते उसकी गिरफ्तारी नहीं होती तो वह बड़ी रकम ऐंठ सकता था। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के एक अन्य मोबाइल नंबर का पता चला है। इससे पहले उसके पास से एक कीपैड फोन बरामद किया गया था। अब पुलिस दूसरे फोन को बरामद करने की कोशिश कर रही है, ताकि उसके संपर्कों और संभावित नेटवर्क के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने आरोपी को लोनी और पीरागढ़ी ले जाकर घटनास्थल का पुनर्निर्माण भी कराया। सूत्रों के मुताबिक, उसे पहले उस मकान पर ले जाया गया जहां पर अपनी गतिविधियां चलाता था। इसके बाद उसे उस स्थान पर ले जाया गया जहां से सीसीटीवी फुटेज सामने आया था और फिर पीरागढ़ी फ्लाईओवर ले जाकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी गईं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कमरुद्दीन पहले चूड़ियों का कारोबार करता था, लेकिन बाद में अधिक लाभ की संभावना देखकर उसने तंत्र-मंत्र और जादू-टोने की गतिविधियों में शामिल हो गया।