सहकारिता से समृद्धि का अभियान शुरू, दिल्ली में चलेगा जागरूकता सप्ताह
नरेला, द्वारका और रोहिणी समेत कई इलाकों में होगा वृक्षारोपण, 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
सहकारिता को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बनाने के लिए दिल्ली में सोमवार से सहकार से समृद्धि-सहकारिता सप्ताह 2026 की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सचिवालय परिसर से सहकारिता जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वैन, क्विज और संवाद कार्यक्रमों के जरिए घर-घर तक सहकारिता का संदेश पहुंचाया जाएगा। सीएम ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता, सामूहिक विकास और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनेगी।
सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, मंत्री आशीष सूद, सहकारिता विभाग के अधिकारी और विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। सहकारिता मंत्री ने कहा कि दिल्ली में सहकारी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं और पारदर्शी व्यवस्था के जरिए मजबूत किया जा रहा है।
जागरूकता वैन से लेकर क्विज तक होंगे कार्यक्रम
सहकारिता सप्ताह के तहत सहकारिता जागरूकता वैन अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को सहकारी संस्थाओं की भूमिका और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन क्विज प्रतियोगिताएं, सेमिनार, पैनल चर्चा और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के जरिए युवाओं और आम नागरिकों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ने की कोशिश की जाएगी। नरेला, द्वारका, रोहिणी समेत दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान करीब 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसका समापन 6 जुलाई को होगा। सहकारी क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली संस्थाओं, प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।