दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो अब अपने अगले विस्तार यानी फेज-5 की तैयारी में जुट गई है। इस विस्तार की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी सेंट्रल विस्टा डिपो होने वाला है, जिसके निर्माण की प्रक्रिया दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने तेज कर दी है। मजलिस पार्क के पास बनने वाला यह डिपो महज ट्रेनों को खड़ा करने की जगह नहीं, बल्कि एक ऐसा आधुनिक केंद्र होगा जहां से फेज-5 की मेट्रो लाइनों की पूरी सेहत और रफ्तार तय होगी। इस डिपो के डिजाइन और बुनियादी ढांचे की विस्तृत योजना तैयार करने के लिए करीब 3.19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मेट्रो के यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत ट्रेनों के बीच लंबा अंतराल और स्टेशनों पर होने वाली भीड़ होती है। सेंट्रल विस्टा डिपो के बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।
नए डिपो में स्टैबलिंग लाइनों की संख्या अधिक होगी, जिसका मतलब है कि पीक आवर्स के दौरान दफ्तर जाने वालों को हर 2 से 3 मिनट में ट्रेन उपलब्ध हो सकेगी। इस परियोजना के लिए विस्तृत डिजाइन तैयार करने का काम एक विशेषज्ञ कंसल्टेंट द्वारा किया जाएगा, जो डिपो के लेआउट, वर्कशॉप, ट्रैक प्लान, बिजली व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और अन्य तकनीकी पहलुओं की योजना तैयार करेगा।
मजलिस पार्क मेट्रो के लिए है अहम ट्रांजिट पॉइंट
मजलिस पार्क उत्तर-पश्चिम दिल्ली का अहम ट्रांजिट पॉइंट है और यहां से गुजरने वाली मैजेंटा लाइन पूरे शहर को जोड़ती है। हाल के मैजेंटा और पिंक लाइन के विस्तार के बाद यह क्षेत्र और भी महत्वपूर्ण हो गया है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा, इस क्षेत्र में डिपो के लिए जरूरी जगह और कनेक्टिविटी दोनों उपलब्ध हैं, जो सेंट्रल दिल्ली में संभव नहीं है। यही वजह है कि मौजूदा सुविधा के साथ अब फेज-5 के तहत नया सेंट्रल विस्टा डिपो भी यहीं विकसित किया जाएगा
9 से 10 किलो मीटर लंबे कॉरिडोर पर होंगे 10 स्टेशन
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर आरके आश्रम मार्ग को इंद्रप्रस्थ से जोड़ता है। यह कॉरिडोर लगभग 9 से 10 कि.मी का है। इस पर आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल, हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम, इंद्रप्रस्थ स्टेशन होंगे। वहीं आरके आश्रम मार्ग (ब्लू/मैजेंटा), शिवाजी स्टेडियम (एयरपोर्ट लाइन) और इंद्रप्रस्थ (ब्लू लाइन) इंटरचेंज स्टेशन शामिल हैं।