संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। मोबाइल, ऑनलाइन क्लास, गेमिंग और मनोरंजन के लिए इयरफोन व हेडफोन का इस्तेमाल आम बात है। लंबे समय तक तेज आवाज में इयरफोन का उपयोग कानों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे सुनने की क्षमता प्रभावित होने के साथ कई तरह की श्रवण संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं।डॉक्टरों के अनुसार लगातार ऊंची आवाज में ऑडियो सुनने से कानों के भीतर मौजूद संवेदनशील कोशिकाओं को नुकसान पहुंचता है। इसके कारण सुनने की क्षमता कम होना, कानों में घंटी या सीटी जैसी आवाज सुनाई देना और कानों में भारीपन जैसी समस्याएं होती हैं। स्वामी दयानंद अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ. आदर्श आजाद ने बताया कि इयरफोन या हेडफोन का लंबे समय तक और तेज आवाज में इस्तेमाल करने से कानों की सुनने की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई मरीज आते हैं जिनमें ईयरफोन के अधिक प्रयोग के कारण समस्याएं होती हैं।
बचाव के उपाय
-इयरफोन की आवाज मध्यम स्तर पर रखें।
-लगातार लंबे समय तक इयरफोन का इस्तेमाल न करें।
-हर एक घंटे में कुछ मिनट का ब्रेक लें।
-सुनने में परेशानी होने पर तुरंत ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करें।