तिहाड़ जेल में बंद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की सेल से मोबाइल मिलने और उसके इस्तेमाल की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही है। जेल नियमावली के मुताबिक, इस तरह की अनुशासनहीनता पर कैदी को कम से कम एक साल तक फरलो न देने का प्रावधान है।
पिछले महीने तिहाड़ जेल नंबर दो में औचक निरीक्षण के दौरान पूर्व सीएम की सेल से एक स्मार्ट फोन, चार्जर और तंबाकू मिला था। सेल में रह रहे कैदी रमेश ने बताया था कि मोबाइल का इस्तेमाल वह कर रहा था। मामले की जांच के आदेश दिए गए थे।
जेल के एआईजी राजकुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट में पता चला है कि इस मोबाइल का इस्तेमाल ओमप्रकाश चौटाला कर रहे थे। जेल प्रशासन की ओर से अब सजा के तौर पर चौटाला की फरलो की अर्जी को खारिज किया जा सकता है। संभव है कि उनका वार्ड भी बदल दिया जाए।
अंतिम निर्णय सुपरिंटेंडेंट की ओर से लिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, जेल में मोबाइल पहुंचने की जांच में एक अधिकारी की भूमिका सामने आने के बाद उसका तबादला भी कर दिया गया है। जेल प्रशासन इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है।