दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र 18 फरवरी को बुलाया जा सकता है। दो दिवसीय सत्र में सबसे पहले विधायकों का शपथ ग्रहण होना है। सबसे अनुभवी विधायक प्रह्लाद साहनी प्रोटेम स्पीकर के तौर पर नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिला सकते हैं।
नियमों के मुताबिक, आगामी 22 फरवरी तक दिल्ली की नई विधानसभा का गठन होना है। गठन के साथ ही विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। उससे पहले मुख्यमंत्री को अपनी कैबिनेट के साथ शपथ लेना होता है।
अरविंद केजरीवाल का शपथ ग्रहण समाज 16 फरवरी को होगा। रविवार होने की वजह से मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री अगले दिन 17 फरवरी को पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद दिल्ली कैबिनेट की पहली बैठक होगी। इसमें विधानसभा सत्र बुलाने का फैसला किया जाएगा।
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि फिलहाल 18 व 19 फरवरी को विधानसभा का सत्र बुलाने की योजना है। दो दिवसीय सत्र में सभी विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। इस दौरान प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति काम भी सरकार करेगी। विधानसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के 62 और भाजपा के 8 विधायक शपथ लेंगे।