दक्षिण भारत से सब्जियां और फल लेकर पहली किसान रेल दिल्ली पहुंच गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार किसान रेल आंध्र प्रदेश के अनंतपुर से दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन आ गई है। गाड़ी में 332 टन फल और सब्जियां हैं।
बुधवार को केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हरी झंडी दिखा कर ट्रेन को रवाना किया था। समारोह में रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी भी मौजूद रहे।
कहा जा रहा है कि देश की दूसरी और दक्षिण भारत की पहली किसान रेल से बागवानी से जुड़े लोगों को फायदा होगा। उनकी उपज कम समय में बाजार में पहुंच सकेगी। मौजूदा परिवहन प्रणाली में ट्रकों के माध्यम से होने वाली ढुलाई से किसानों को 25 फीसदी करीब 300 करोड़ रुपये सालाना का नुकसान होता था।