नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के तहत तैयार की गई ड्राफ्ट फोटो मतदाता सूची को लेकर चुनाव कार्यालय ने राजनीतिक दलों और आम लोगों से सत्यापन की अपील की है। चुनाव कार्यालय ने ड्राफ्ट सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की है। राजनीतिक दलों से कहा गया है कि वे अपने बीएलए को बीएलओ के साथ समन्वय कर सूची की जांच कराएं और ऐसे मतदाताओं के पते उपलब्ध कराएं जो घर पर नहीं मिले या जिनका पता नहीं चल सका।
आम मतदाता और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ड्राफ्ट फोटो मतदाता सूची की जांच निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय, संबंधित बीएलओ और मतदान केंद्रों पर कर सकते हैं। वहीं किसी पात्र मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, तो निर्धारित अवधि में फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र जमा कर नाम शामिल कराने का दावा किया जा सकता है। ब्यूरो