जीआरपी और आरपीएफ की सुरक्षा को धता बताते हुए बुधवार की रात एक युवक ने मथुरा शटल की महिला बोगी में जमकर बवाल किया और एक महिला यात्री के साथ मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया।
सूचना पर जीआरपी पलवल ने युवक को ट्रेन से उतारकर आरपीएफ के हवाले कर दिया। आरपीएफ ने उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान सुमित कुमार निवासी सीहा, होडल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार नई दिल्ली से मथुरा जाने वाली 64910 शटल ट्रेन से यूपी के फर्रूखाबाद जिले के गांव चांदपुर निवासी महिला रानी अपने परिवार के साथ सफर कर रही थी।
बल्लभगढ़ स्टेशन पर बड़ी संख्या में पुरुष यात्री महिला बोगी में चढ़ गए। ट्रेन जैसे ही बल्लभगढ़ से असावटी के लिए रवाना हुई कि एक युवक ने सीट पर बैठने को लेकर बवाल करना शुरू कर दिया। महिला ने जब विरोध किया तो युवक ने उसके साथ मारपीट कर लहूलुहान कर दिया।
ट्रेन में सफर कर रहे आरपीएफ सब इंस्पेक्टर आईएस नागर ने हंगामा कर रहे युवक को पकड़ लिया और जीआरपी पलवल को सूचना दी। सूचना पर जीआरपी चौकी इंचार्ज राजेंद्र डागर ने प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंचकर आरोपी को ट्रेन से उतार लिया।
चूंकि महिला को अपने घर जाना था, इसलिए उसने कोई शिकायत जीआरपी को नहीं दे सकी। आरपीएफ चौकी के एएसआई प्रहलाद कुमार का कहना है कि युवक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जमानत दे दी गई है।
महिला यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल-
आरपीएफ और जीआरपी से लेकर रेलवे के अन्य उच्चाधिकारी आए दिन महिला यात्रियों की सुरक्षा का दावा करते हैं। लेकिन बुधवार की रात महिला बोगी में हुई घटना ने महिला यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महिला यात्रियों का कहना है कि रात के वक्त आए दिन महिलाओं के साथ ऐसी घटनाएं होती हैं। सबसे ज्यादा असुरक्षा की भावना असावटी और पलवल स्टेशनों पर होती है।