अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली पंचायत संघ ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ज्ञापन भेजकर दिल्ली की कृषि भूमि का सर्कल रेट बढ़ाने और सभी गांवों को पूर्ण मालिकाना हक देने की मांग की है। संघ के प्रमुख थान सिंह यादव ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में दिल्ली के किसानों को उनकी भूमि का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। थान सिंह ने कहा कि दिल्ली में किसानों की कृषि भूमि का वर्षों से कम दरों पर अधिग्रहण किया जा रहा है, जबकि पड़ोसी राज्यों में किसानों को अधिक मुआवजा मिलता है। उन्होंने मांग की कि कृषि भूमि का सर्कल रेट 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया जाए और नया सर्कल रेट लागू किए बिना किसी भी भूमि का अधिग्रहण न किया जाए। साथ ही वर्ष 2000 के बाद अधिग्रहित भूमि के किसानों को भी बढ़े हुए मुआवजे का लाभ दिया जाए। दिल्ली के गांवों को लाल डोरा और विस्तारित लाल डोरा व्यवस्था से मुक्त कर पूर्ण मालिकाना अधिकार दिया जाए। पंच प्रमुख अधिवक्ता यमन यादव ने कहा कि जल्द ही दिल्ली देहात के संगठनों और पंचायत प्रतिनिधियों की महापंचायत बुलाकर आगे की रणनीति तय हाेगी।