जिले की संसद मार्ग थाना पुलिस ने सांसदों से मिलने आने वाले लोगों की कारों से महंगा सामान चुराने वाले दंपती सरिता विहार निवासी राकेश (23) और उसकी पत्नी वैजयंती (22) को गिरफ्तार किया है। ये मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं।
नई दिल्ली जिले के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 10, अशोक रोड पर भाजपा सांसद विजय गोयल रहते हैं। 23 मई को एक वीआईपी उनसे मिलने आए थे। दंपती उनकी सियाज कार से लैपटॉप, टीवी, हार्डडिस्क और अन्य सामान चुराकर ले गए थे। इस बाबत संसद मार्ग थाने में मामला दर्ज किया गया था।
उधर, 4, विंडसर प्लेस में यूपी के अलीगढ़ से भाजपा सांसद सतीश गौतम रहते हैं। 1 जून को उनसे गाजियाबाद के एक बड़े ठेकेदार मिलने आए थे। इन्होंने ठेकेदार की फॉरच्यूनर गाड़ी से सामान चुराने का प्रयास किया, मगर सायरन बजने पर भाग खड़े हुए। संसद मार्ग थाने की कई टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि एक लड़का व लड़की स्कूटी पर आकर वारदात कर रहे हैं।
संसद मार्ग थाने में तैनात सिपाही कुलदीप ने इन्हें 13 जून को नई दिल्ली इलाके में घूमते देखा। स्कूटी पर आगे नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि पीछे की प्लेट से एक अंक गायब था। सिपाही को देखकर इन्होंने स्कूटी भगाई तो कुलदीप ने पीछा किया। तिलक मार्ग थाने में तैनात और गश्त कर रहे सिपाही सुमित ने भी कुलदीप का साथ दिया।
कई किमी पीछा कर सिपाही कुलदीप ने इनको ध्यानचंद स्टेडियम के पास पकड़ लिया। दोनों मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। इनसे चुराया गया काफी सामान बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि ये आधा दर्जन सांसदों की कोठियों के बाहर वारदात कर चुके हैं।