सेक्टर-55 स्थित कम्युनिटी सेंटर में 10 अक्तूबर को शादी का मंडप सज चुका था। वधु लाल जोड़े में अपने जीवन साथी का इंतजार कर रही थी। वधु पक्ष के लोग बारात का स्वागत करने के लिए प्रवेश द्वार पर माला लिए खड़े थे।
अचानक लड़की के पिता के मोबाइल की घंटी बजती है। उनसे वर पक्ष कहता है कि यह बारात तभी आपके द्वार पहुंचेगी, जब उन्हें बतौर दहेज 10 लाख रुपये और सेडान क्लास की लक्जरी गाड़ी दी जाएगी।
वधु पक्ष द्वारा मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर वर पक्ष ने शादी तोड़ दी और बारात द्वार पर नहीं पहुंची। इससे दुल्हन के सब्र का बांध टूट गया और उसने पुलिस से शिकायत की।
मामले की जांच करने के बाद उसे महिला थाने को ट्रांसफर कर दिया गया। एसपी सिटी दिनेश यादव ने कहा कि लड़की की शिकायत पर महिला थाने में दूल्हे और उसके पिता समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज अधिनियम व मानहानि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।