आदर्श नगर इलाके में एक बंटी-बबली की जोड़ी ने महिलाओं को छोटी बचत से अच्छी रकम कमाने का झांसा देकर लाखों ठग लिए। आरोपी दंपती करीब 80 महिलाओं से लाखों रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
आदर्श नगर निवासी नेहा गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आजादपुर की रहने वाली बबीता बस्सी का आजादपुर में एक बुटीक था। इलाके की महिलाएं लगातार उसके बुटीक पर जाती थी।
बबीता ने इलाके की महिलाओं को लेकर किटी पार्टी का आयोजन करने लगी। वर्ष 2017 में उसने किटी पार्टी के दौरान महिलाओं को एक बचत स्कीम के बारे में बताया। उसने कहा कि हर महीना एक हजार रुपये जमा करने पर 20 महीने के बाद उसे 21 हजार रुपये मिलेंगे। नेहा के साथ-साथ अन्य महिलाएं भी स्कीम में पैसे डालने लगी।
नेहा के मुताबिक 20 महीने पूरा होने पर जब वह पैसे लेने गई तो दंपती घर में ताला लगाकर फरार हो चुके थे। उसने आदर्श नगर थाने में इसकी शिकायत की। जांच में पता चला कि बबीता जय माता किटी के नाम से स्कीम चला रही थी। थाने में अन्य महिलाओं ने भी बबीता के खिलाफ शिकायत देने लगी।
मामला लाखों रुपये की ठगी का था। इसे देखते हुए स्थानीय पुलिस ने मामले को आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि अब तक 80 महिलाओं की शिकायत पुलिस के पास आ चुकी है।