बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक व्यक्ति ने अपने दुश्मन को ठिकाने लगाने के लिए कोरोना का सहारा लिया और उसे तथा परिवार के लोगों को दवाई के नाम पर जहरीला पदार्थ देकर मारने की कोशिश की।
दरअसल साजिशकर्ता को अपनी पत्नी पर शक था कि उसका होम गार्ड के साथ अवैध संबंध है। इसी के चलते उसने होम गार्ड के साथ ही उसके पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली। हालांकि वह अपने मंसूबे में कामयाब न हो सका। हुआ कुछ ऐसा कि आरोपी पति ने पत्नी के प्रेमी समेत पूरे परिवार को कोरोना की वैक्सीन के नाम पर जहर का इंजेक्शन लगवा दिया।
दो महिलाओं को किया योजना में शामिल
उसके इरादे पर पानी तब फिर गया जब पूरा परिवार समय रहते अस्पताल पहुंच गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इसके लिए आरोपी ने दो महिलाओं को मोटी रकम देकर उन्हें स्वास्थ्य कर्मी बनाकर भेजा था। आरोपी ने दोनों महिलाओं को जहर का इंजेक्शन देकर होम गार्ड के पूरे परिवार को उसे लगाने को कहा था। महिलाओं ने होमगार्ड समेत उसके परिवार के तीन और सदस्यों को भी वो इंजेक्शन लगा दिया।
इंजेक्शन लगाते ही तड़पने लगे चारों
इंजेक्शन लगाते ही चारों पीड़ितों की हालत खराब होने लगी। पड़ोसियों को जानकारी हुई तो उनकी मदद से चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब यह मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से दोनों महिलाओं की पहचान की। फिर पूछताछ के बाद इस वारदात के मास्टरमाइंड पति और दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।