अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली में करीब दो लाख रुपये की 481 यूनिट कथित नकली रेबीज वैक्सीन पकड़े जाने के मामले को लेकर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता नहीं होने के कारण नकली वैक्सीन का कारोबार फल-फूल रहा है। देवेंद्र यादव ने कहा कि कुत्ते या अन्य जानवर के काटने के बाद रेबीज से बचाव के लिए वैक्सीन बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में इसकी नकली खेप का दिल्ली में पहुंचना गंभीर मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्वास्थ्य मंत्री नकली दवाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात कर रहे हैं, तो ऐसी दवाएं दिल्ली की दुकानों, अस्पतालों और एजेंसियों तक कैसे पहुंच रही है।