कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच दिल्ली सरकार ने बजट सेशन को एक दिन का कर दिया है। सोमवार को वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया विधानसभा में बजट पेश करने के साथ आउटकम बजट व आर्थिक समीक्षा पेश करेंगे। इसी दिन बजट पास भी करवाया जाएगा।
इससे पहले दिल्ली सरकार का बजट सत्र 23 से 27 मार्च तक बुलाया गया था। इसमें 25 मार्च को बजट पेश होना था। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शनिवार को दिल्ली कैबिनेट ने बजट सत्र एक दिन के लिए सीमित कर दिया।
आपको बता दें कि कोरोना से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री ने आज जनता कर्फ्यू की घोषणा की है। इसके चलते देशभर में बंद का माहौल है। अगले कुछ दिनों भी सेवाओं में कटौती रहने वाली है।
जनता कर्फ्यू के चलते ही आज मेट्रो सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। इसके बाद सोमवार को भी सुबह और शाम चार-चार घंटे ही चलाई जाएगी। सुबह 6 से 8 बजे के बीच चुनिंदा तो 8 से 10 बजे के बीच हर किसी की मेट्रो में इंट्री रहेगी।
दिन में 10 से 4 बजे के बीच मेट्रो बंद रहेगी। 4 से 8 बजे के बीच दोबारा मेट्रो का संचालन होगा। इसके बाद फिर सेवा बंद कर दी जाएगी। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह सोमवार का प्लान है। आगे यदि जरूरत पड़ेगी तो इसी प्लान को लोगों के हित में लागू कर दिया जाएगा।
मेट्रो प्रशासन के मुताबिक, सुबह 6 बजे से दो घंटे के लिए पुलिस, अस्पताल, बिजली और अग्निशमन कर्मियों को यात्रा का मौका दिया गया है। इस दौरान मेट्रो में प्रवेश करने के लिए उन्हें अपना पहचान पत्र दिखाना होगा। 8 से 10 बजे के दौरान प्रत्येक सोमवार की तरह की नियमित अंतराल पर मेट्रो की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
आज दिल्ली परिवहन की बसों में भी कटौती की गई है। इसी के साथ सार्वजनिक परिहवहन के अन्य साधन-संसाधन भी जनता कर्फ्यू के चलते सेवाएं स्थगित रखने वाले हैं।