पुराना रेलवे स्टेशन पर जर्जर हो चुके ट्रैक बार-बार चटक रहे हैं। बृहस्पतिवार को अलसुबह स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर ट्रैक फ्रैक्चर हो गया।
रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंच ट्रैक को रिपेयर कराकर रेल ट्रैफिक बहाल कराया। इस दौरान करीब एक घंटे तक ट्रेनों का आवागमन इस प्लेटफार्म पर बंद रहा।
दिल्ली की ओर से जाने वाली ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर-1 से गुजारा गया। इससे पहले बुधवार को प्लेटफार्म-1 की लाइन पर फ्रैक्चर हो गया था।
सुबह करीब चार बजे ट्रैक फ्रैक्चर की सूचना रेलवे अफसरों को मिली तो हड़कंप मच गया। सुबह 4:20 बजे रेलवे के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक को रिपेयर कराया।
5:25 बजे ट्रैक की मरम्मत का काम पूरा हो सका। इसके बाद ही ट्रेनों का आवागमन सुचारु हुआ। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुबह के समय ट्रेनें कम होने की वजह से दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा।
इससे एक दिन पहले बुधवार को सुबह 4:35 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रैक फ्रैक्चर हो गया था।