देशी हस्तशिल्प, सजावटी सामान, कपड़े और घरेलू उत्पादों की खूब हो रही खरीदारी
शनि पाथौली
नई दिल्ली। भारत मंडपम में चल रहे 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में विदेशी उत्पादों के साथ स्वदेशी सामान भी खरीदारों को आकर्षित कर रहा है। थाईलैंड, तुर्किये, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात समेत 11 देशों के उत्पादों की चमक के बीच भारतीय हस्तशिल्प, हथकरघा, पारंपरिक कपड़े, सजावटी वस्तुएं और क्षेत्रीय खाद्य उत्पाद अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। मिट्टी, लकड़ी और धातु से बनी कलात्मक वस्तुओं के साथ घरेलू उपयोग के सामान की भी अच्छी मांग है।
इस वर्ष मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। इसके अनुरूप विभिन्न राज्यों ने अपने स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कलाओं और क्षेत्रीय उद्योगों को प्रदर्शित किया है। बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश साझेदार राज्य हैं, जबकि दिल्ली, असम, झारखंड और पश्चिम बंगाल को विशेष राज्य का दर्जा दिया गया है। इनके मंडपों में क्षेत्रीय संस्कृति, खानपान और कारीगरी की झलक देखने को मिल रही है।
130 से अधिक कारीगरों को मिला मंच
स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय का मंडप भी खास आकर्षण है। यहां विभिन्न राज्यों के 130 से अधिक कारीगर अपने हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग और सफाई कर्मचारी समुदायों से जुड़े लाभार्थियों की बनाई वस्तुएं भी शामिल हैं। कारीगरों के उत्पादों को बाजार में पहचान दिलाने के लिए ट्यूलिप ब्रांड को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके जरिए पारंपरिक हुनर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने तथा कारीगरों के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसर तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का संगम
मेले में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी है। राज्यवार मंडपों में राजस्थान के हस्तशिल्प और सजावटी सामान, उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कारीगरी, बिहार के स्थानीय उत्पाद और महाराष्ट्र की क्षेत्रीय कला लोगों को लुभा रही है। बुनकरों के हाथों से तैयार साड़ियां और कपड़े भी खरीदारों की पसंद बने हुए हैं। गाजियाबाद की शालिनी के अनुसार, मेले में एक ही स्थान पर देश के विभिन्न क्षेत्रों की कला और संस्कृति को देखने तथा खरीदने का अवसर मिल रहा है। आधुनिक जरूरतों के अनुरूप तैयार पारंपरिक उत्पाद विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।
एक जिला-एक उत्पाद से स्थानीय कारोबार को बढ़ावा
मेले का एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) मंडप भी स्वदेशी सामान को नई पहचान दे रहा है। यहां अलग-अलग जिलों के विशिष्ट हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री और पारंपरिक वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ छोटे कारोबार, उद्यमिता और रोजगार को प्रोत्साहित करना है।