एनसीआर में नोएडा की हवा सबसे खराब रही तो फरीदाबाद की हवा रही सबसे साफ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में हवा की दिशा बदलने के बाद बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 121 दर्ज किया गया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है। मंगलवार की तुलना में 33 सूचकांक की वृद्धि दर्ज की गई है। दूसरी ओर, एनसीआर में नोएडा की हवा सबसे खराब रही। यहां एक्यूआई 149 दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद में 146, ग्रेटर नोएडा में 131 और गुरुग्राम में 124 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 104 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, हवा उत्तर-पूर्व दिशा से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली। वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 4700 मीटर रही। इसके अलावा, वेंटिलेशन इंडेक्स 30,000 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, दोपहर तीन बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 107.9 और पीएम2.5 की मात्रा 96.6 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। ऐसे में सीपीसीबी का पूर्वानुमान है कि शनिवार तक हवा इसी श्रेणी में बरकरार रहेगी।