भीड़भाड़ वाले इलाकों में बंटेगा ठंडा पानी, ओआरएस, गमछे और कैप का होग वितरण
-दोपहर 1 से 4 बजे तक बाहर काम करने पर रोक, स्कूलों में वॉटर बेल वाला नियम लागू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
बढ़ती गर्मी और लू से लोगों को राहत देने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को तुरंत मदद पहुंचाएंगी।
राजधानी में दो-तीन दिन आंधी और हल्की बारिश से राहत के बाद फिर से गर्मी बढ़ने लगी है। जिससे निपटने के लिए 13 यूनिट्स शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाकर लोगों ठंडा पानी, ओआरएस, गमछे, कैप वितरित करेंगी। इस दौरान हीट एक्शन प्लान 2026 की बुकलेट भी जारी की गई।
हर जिले के लिए एक मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को राहत पहुंचाना चाहती है। जिसके तहत हर जिले के लिए एक मोबाइल यूनिट तैयार की गई है। ये यूनिट्स खासतौर पर उन जगहों पर जाएंगी जहां गर्मी का असर ज्यादा होता है, खासकर श्रमिक चौक, बस अड्डे, बाजार और झुग्गी बस्तियों में ये तैनात होंगी। हर यूनिट में 400 से 500 लीटर पानी का टैंक होगा। ये रोज सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक काम करेंगी। इसके अलावा हर जिले में 10 सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स भी तैनात किए गए हैं, जो अगले तीन महीनों तक मदद करेंगे।
मजदूरों, बच्चों, महिलाओं पर फोकस
सरकार ने हीट एक्शन प्लान में खास तौर पर दिहाड़ी मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर ध्यान दिया है। निर्माण कार्यों में लगे लोगों के लिए दोपहर 1 से 4 बजे तक काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं ताकि उन्हें लू से बचाया जा सके। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में वॉटर बेल सिस्टम शुरू किया गया है, जिससे उन्हें समय-समय पर पानी पीने की याद दिलाई जाएगी। दोपहर में आउटडोर गतिविधियों और असेंबली भी बंद कर दी गई है। शहर के 339 से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस, दवाइयां और आइस पैक की व्यवस्था की गई है। कई जगह कूल रूम भी बनाए गए हैं ताकि हीट स्ट्रोक के मरीजों को तुरंत राहत मिल सके।