आधार कार्ड बनने में देरी होने पर शुक्रवार को मोदीनगर और मुरादनगर के लोगों ने जमकर हंगामा किया। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में राशन कार्ड बनने का काम जारी है।
राशन कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता करने से आधार कार्ड बनवाने वालों की आजकल ब्लाक भोजपुर व मुरादनगर पालिका परिसर में भीड़ लग रही है।
इसी के चलते शुक्रवार को ब्लाक भोजपुर में ग्रामीणों की भीड़ लगी थी। भीड़ की अपेक्षा मशीनें और कर्मचारी कम थे। ऐसे में आधार कार्ड बनाने में देरी हो रही थी।
इस व्यवस्था से गुस्साए ग्रामीणों ने पूनम चौधरी के नेतृत्व में हंगामा किया। पूनम चौधरी ने बताया कि प्रशासन जबरन आधार कार्ड को अनिवार्य क्यों बना रहा है।
करीब एक घंटे बाद एसडीएम अतुल कुमार ने मशीनें और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई तो ग्रामीण शांत हुए।
मुरादनगर स्थित पालिका परिसर में आधार कार्ड बनाने में देरी को लेकर लोगों ने हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि है सुविधा शुल्क लेकर आधार कार्ड बनाए जा रहे है।
सरकारी योजनाओं के लिए आधार कार्ड अब नहीं जरूरी
सरकारी योजनाओं में लाभ लेने के लिए अब आधार कार्ड का होना जरूरी नहीं होगा। सुप्रीम कोर्ट ने एक निर्णय दिया है जिसमें निर्देशित किया गया है कि हर सरकारी कल्याणकारी योजना के लिए यदि किसी के पास आधार कार्ड नहीं है तो भी उसका फायदा उसे मिलेगा।
आधार कार्ड बनवाने के लिए शुरुआत से ही मारामारी मचती रही है। सरकार ने प्राइवेट एजेंसियों को ठेका दिया कि वह जगह-जगह कैंप लगाकर आधार कार्ड बनाए।
लोगों ने लाइन में लगकर कार्ड बनवाया। अभी भी हजारों लोग ऐसे हैं जिनका आधार कार्ड नहीं बन पाया है।