-अलीपुर इलाके की घटना, पुलिस ने आरोपी चालक को दबोचा
नई दिल्ली। अलीपुर के हिरणकी गांव में रविवार को तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार एमसीडी सफाई कर्मचारी को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी चालक घसीटते हुए उसे करीब 50 मीटर तक ले गया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान नरेला के 55 वर्षीय महावीर के रूप में हुई है। अन्य सफाई कर्मचारियों ने आरोपी टेंपो चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान पर अलीपुर थाने की पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी में सफाईकर्मी राजेश ने बताया कि जानकारी मिलते ही वह अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां घायल टेंपो के आगे बोनट के नीचे फंसा हुआ था। बाहर निकालकर उसे अस्पताल ले जाया गया। लोगों ने बताया कि पीड़ित सुबह में हिरणकी गांव में हाजिरी लगाने के बाद सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बैठा हुआ था। इसी दौरान टेंपो ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। ब्यूरो