-सुबह-शाम गुलाबी सर्दी से मिल रही राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय हल्की धुंध बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी से 3 मार्च तक तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति हल्की से मध्यम रहेगी। 26 फरवरी और 27 फरवरी को उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशाओं से 5-15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। 28 फरवरी से 3 मार्च तक हवा की गति 5-25 किमी प्रतिघंटा के बीच बनी रहेगी। हालांकि, फरवरी माह अभी खत्म भी नहीं हुआ है। लेकिन, अभी से ही गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं।
दिल्ली का पारा बृहस्पतिवार को 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार को भी हालात यही थे। ऐसे में दिनभर की तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी का अहसास किया। हालांकि, दिनभर धूप खिलने और हवा चलने से मौसम खुशनुमा रहा। हालांकि, सुबह-शाम की हल्की ठंड अभी भी बरकरार है। लेकिन, दिन के समय निकल रही धूप ने लोगों को परेशान किया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 27 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, रिज में 15.2 आया नगर में 13 और लोधी रोड में 12.8 और पालम में 13.9 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।