फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मानसून की धमाकेदार एंट्री, झूमकर बरसे बदरा; आज के लिए बारिश का अलर्ट जारी

Fri, 10 Jul 2026 08:22 AM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली में अगले छह दिन तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 
विज्ञापन
Weather Update - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई। सुबह के समय ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया। बुधवार देर रात से ही कई इलाकों में जमकर बदरा बरसे। हालांकि, इस राहत के साथ कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला। ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।

विज्ञापन

मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की बहुत संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा, अधिकतम 100 और न्यूनतम आर्द्रता 84 फीसदी दर्ज की गई। हालांकि, सफदरजंग मानक केंद्र में बुधवार सुबह 8:30 से बृहस्पतिवार शाम 5:30 बजे तक 105.4 एमएम बारिश हुई।

बारिश से दिल्ली में ठंडक, तापमान 7 से 8 डिग्री तक गिरा
आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 7 से 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.4 डिग्री कम है। यहां 24 घंटे में 1.6 डिग्री की गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.6 डिग्री नीचे है। साथ ही, पालम में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम रहा। इसके अलावा, लोदी रोड में अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री रहा। यहां अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री और न्यूनतम में एक डिग्री की गिरावट आई। रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम 21.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आया नगर में अधिकतम 28.4 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री तापमान रहा।

आज बारिश का यलो अलर्ट जारी
दिल्ली में अगले छह दिन तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की स्थिति भी बन सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

12 जुलाई से चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, 11 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दोपहर से पहले या बाद में हल्की बारिश, गरज और बिजली चमकने की संभावना है। वहीं, 12 जुलाई को तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि दिनभर बादल छाए रहेंगे। साथ ही, 13 और 14 जुलाई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं, 15 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बारिश से दिल्ली की रफ्तार थमी, कई इलाकों में लगा लंबा जाम
गुरुवार को हुई बारिश ने जहां दिल्लीवासियों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं कई इलाकों में लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और वाहनों की धीमी रफ्तार से सुबह और शाम के समय कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में आईटीओ, मिंटो ब्रिज, रिंग रोड, धौला कुआं, नारायणा, द्वारका, जनकपुरी, उत्तम नगर, नवादा, आश्रम चौक, सराय काले खां, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, विकास मार्ग, लक्ष्मी नगर, करोल बाग, रोहिणी, आजादपुर, पीरागढ़ी और पंजाबी बाग शामिल रहे। कई जगहों पर पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों और दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई वाहन चालक लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।

एशिया का सबसे बड़ा मार्केट बना समंदर
एशिया के बड़े बाजारों में शामिल सदर बाजार में मानसून की पहली वर्षा में ही बुरा हाल है। यहां कहीं घुटने तो कहीं कमर भर तक जलजमाव हो गया है। सड़कों से लेकर गलियों तक में दो से तीन फीट तक पानी चल रहा है। स्थिति यह कि सैकड़ों दुकानों में सीवर का पानी घुस गया है और लाखों का सामान बर्बाद हो गया है। जलभराव के चलते कारोबार भी बमुश्किल 20 प्रतिशत रह गया है। यह स्थिति तब है जब सिविक एजेंसियों द्वारा जल निकासी के बड़े दावे किए गए थे। बाजार संगठन फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन (फेस्टा) ने मई माह से ही इसे लेकर सिविक एजेंसियों के साथ दिल्ली सरकार को चेताना शुरू कर दिया था।

बारिश होने का कारण
इस समय दो मानसून दशाएं बनी हुई है। दक्षिण-पश्चिम यूपी के आगरा और उत्तर-पश्चिम एमपी के ग्वालियर के पास कम वायु दबाव क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, उत्तरी पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। साथ ही, अरब सागर की तरफ से नमी भरी हवाएं दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश और यूपी में अच्छी बारिश करा रही है। -कृष्णा मिश्रा, वरिष्ठ वैज्ञानिक, आईएमडी
विज्ञापन

बुधवार सुबह 8:30 से बृहस्पतिवार शाम 5:30 बजे तक बारिश (मिमी)

तुकमीरपुर व खजूरी---160
नजफगढ़--43
झरोदा कलां--31.5
पूसा---93.5
लोदी रोड---113.4
पालम---64.8
मयूर विहार---145.5
रिज---103.4
जनकपुरी--62
आया नगर---61.2
नारायणा--65
छतरपुर---76.5
जाफरपुर---10.5
सीआरपीएफ कैंप---33
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें