दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी बुधवार को थोड़ी ठंडी रही। मंगलवार के मुकाबले तापमान में गिरावट आई, लेकिन फिर भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते आठ साल में 1 मई को एक बार फिर तापमान सबसे अधिक रहा। वर्ष 2011 के बाद से अब तक तापमान कभी भी 40 डिग्री के पार नहीं गया। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
बीते कई दिन से दिल्ली में गर्मी रिकॉर्ड बना रही है। मंगलवार को भी पारे ने 43.7 डिग्री पहुंचकर रिकॉर्ड बनाया। हालांकि बुधवार को अधिकतम पारे में गिरावट आई। बुधवार को सुबह से ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए थे। बीच-बीच में हल्की धूप निकली। दोपहर बाद फिर से गर्मी हुई, लेकिन शाम होते-होते धूल भरी हवाओं की स्थिति बन गई। बुधवार को रिज केंद्र पर अधिकतम तापमान सर्वाधिक 42.8 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि पालम में पारा 42.7 डिग्री रहा।
विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक बादल रहेंगे, वहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। साथ ही 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी। इस कारण से तापमान में मामूली गिरावट होगी। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहने की संभावना है। 4 मई तक ऐसी स्थिति रहेगी। उसके बाद तापमान में फिर इजाफा होना शुरू होगा।
आठ साल का 1 मई का तापमान
2018 34 डिग्री
2017 39 डिग्री
2016 37 डिग्री
2015 31 डिग्री
2014 31 डिग्री
2013 32 डिग्री
2012 37 डिग्री
2011 33 डिग्री