दिल्ली मेट्रो की वॉयलेट लाइन पर मंगलवार(10 जुलाई) को तकनीकी खराबी आ जाने के कारण पीक आवर के दौरान करीब 1 घंटे तक मेट्रो रेंगती रही। बता दें कि यह समस्या मंडी हाउस से आईटीओ के बीच हुई थी।
मेट्रो में आई खराबी के कारण इसमें सवार यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। गौरतलब है कि वॉयलेट लाइन पर तकनीकी समस्या सुबह करीब 8:30 से 9:20 बजे तक रही। पीक आवर होने के कारण दफ्तर व कॉलेज जाते यात्रियों को काफी देर हो गई।
यही नहीं वॉयलेट लाइन की सेवाएं प्रभावित होने के बाद अन्य लाइनों के मेट्रो यात्री भी परेशान हुए। सिग्नल में खराबी की वजह से मेट्रो की सेवाएं मैनुअली संचालित की गई। हालांकि बाद में इस समस्या का समाधान कर लिया गया और सेवाएं सुचारू रूप से चलने लगीं।