दिल्ली एयरपोर्ट पर श्रीनगर जाने वाले विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण विमान घंटों श्रीनगर के लिए उड़ान नहीं भर सका। घंटों इंतजार के बाद जब यात्रियों के सब्र के बांध टूट गए तो एयरपोर्ट ही यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। बाद में उन्हें दूसरे विमान से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
एयरपोर्ट के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार एयर इंडिया के विमान संख्या एआइ-825 को शनिवार की सुबह श्रीनगर के लिए रवाना होना था। इस विमान में करीब साढ़े तीन सौ यात्री सवार थे। शनिवार को उड़ान से पूर्व इस विमान में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण इसे रोक दिया गया।
इसके बाद विमान से सभी यात्रियों को उतार कर एयरपोर्ट पर लाया गया। घंटों इंतजार के बाद भी विमान उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद एयरलाइंस ने दो अलग-अलग छोटे विमान से यात्रियों को भेजने का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार ज्यादातर यात्री पहले जाने वाले विमान से ही जाना चाहते थे। इसको लेकर कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा करना शुरू कर दिया। हालांकि बाद में अधिकारियों के समझाने के बाद दूसरे विमान से जाने के लिए यात्री तैयार हुए और दोपहर बाद दोनों विमान कों श्री नगर के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना कर दिया गया।