दिल्ली के सरकारी स्कूलों में अनुबंध आधार पर पढ़ाने वाले 2500 शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। इन शिक्षकों के अनुबंध को बढ़ा दिया गया है। इसको लेकर शिक्षा निदेशालय ने एक आदेश जारी कर दिया है। अब तक इनका अनुबंध 31 मार्च को खत्म हो गया था। इस कारण से शिक्षक बेरोजगार हो गए थे। शिक्षक अपना अनुबंध बढ़ाए जाने की मांग कर रहे थे।
शिक्षा निदेशालय के समग्र शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 274 अपर प्राइमरी, 149 दिल्ली सरकार के प्राइमरी शिक्षक, व 2099 एमसीडी स्कूलों के प्राइमरी शिक्षकों के अनुबंध को नौ मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। यह करीब 2500 अनुबंध आधारित शिक्षकों का अनुबंध बीती 31 मार्च 2023 को समाप्त हो गया था। इस कारण से शिक्षकों के सामने नौकरी का संकट खड़ा हो गया था। ऑल इंडिया गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन की ओर से शिक्षा निदेशालय को इन अनुबंध आधारित शिक्षकों का अनुबंध बढ़ाने का अनुरोध किया था। महासचिव शोएब राणा ने बताया कि 31 मार्च 2023 को दिल्ली के शिक्षा विभाग तथा एमसीडी के शिक्षा विभाग के लगभग 2400 से ज्यादा अनुबंध शिक्षक अनुबंध न बढ़ने की वजह से बेरोजगार हो गए थे। अब शिक्षा निदेशालय ने दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग के 423 तथा एमसीडी के शिक्षा विभाग के 2099 टीजीटी, पीआरटी, एनटीटी शिक्षकों का अनुबंध तीन अप्रैल 2023 से नौ मई 2023 तक बढ़ा दिया है।