- अशोक विहार स्थित कोचिंग संस्थान के संचालक से मांगी 21 लाख की रंगदारी
- बिहार निवासी 31 साल के बच्चू झा के रूप में हुई पहचान
- हरियाणा और बिहार के मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर के रूप में कर चुका है काम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अशोक विहार स्थित एक कोचिंग संस्थान के संचालक को बम से उड़ाने की धमकी देकर 21 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। नागपुर से गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुबनी, बिहार निवासी 31 साल के बच्चू झा के रूप में हुई। वह हरियाणा और बिहार के मेडिकल कॉलेजों में एप्लाइड मैथेमेटिक्स के प्रोफेसर के रूप में काम कर चुका है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के पूर्व विधायक और दरभंगा, बिहार के हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता से उगाही के मामले में शामिल रहा है।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 2 अप्रैल की सुबह अशोक विहार थाना पुलिस को सूचना मिली कि वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कोचिंग संस्थान के मैनेजर को धमकी भरा फोन कॉल आया है। मौके पर पहुंची पुलिस को मैनेजर ने बताया कि कॉल करने वाले ने खुद को नोएडा का बबला गुर्जर बताते हुए संचालक से 21 लाख की मांग की। साथ ही पैसे का भुगतान नहीं करने पर उसे बम से उड़ाने की धमकी दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया।
तकनीकी जांच से मिला आरोपी का सुराग
अशोक विहार के थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम को तकनीकी जांच के जरिए संदिग्ध की लोकेशन नासिक (महाराष्ट्र) में मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने धमकी देने के लिए इस्तेमाल मोबाइल फोन, आपत्तिजनक चैट, स्क्रीनशॉट एवं डिजिटल डाटा बरामद किए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि जल्द पैसा कमाने के लिए वह फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर जबरन वसूली करने लगा। उस पर पटना में हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है।