बाहरी जिला पुलिस ने पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा खुलासा करते हुए एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह सुनियोजित साजिश थी, जिसमें पैसों के लिए तीन लोगों को जहर देकर मार दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमरुद्दीन उर्फ बाबा, निवासी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। यह गाजियाबाद के लोनी और फिरोजाबाद में तांत्रिक केंद्र संचालित कर रहा था।
डीसीपी सचिन शर्मा के मुताबिक 8 फरवरी को पीसीआर कॉल के जरिए पश्चिम विहार ईस्ट थाने को सूचना मिली कि एक सफेद कार में तीन लोग अचेत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से 76 वर्षीय रणधीर (बापरोला), 42 वर्षीय शिव नरेश (नगली डेयरी) और 40 वर्षीय लक्ष्मी (जहांगीरपुरी) को बरामद किया।
तीनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार की तलाशी में शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, हेलमेट, जैकेट और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। परिजनों ने आत्महत्या की संभावना से इनकार करते हुए संदेह जताया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन डेटा की मदद से पाया कि तीनों मृतक कमरुद्दीन नामक तांत्रिक के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने धनवर्षा के नाम पर विशेष तांत्रिक क्रिया कराने का झांसा दिया और उनसे दो लाख रुपये नकद, शराब व कोल्ड ड्रिंक लाने को कहा। तकनीकी साक्ष्यों से यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन तीनों लोनी गए थे और आरोपी के संपर्क में रहे।
कार में ही खिलाया जहर वाला लड्डू्
पुलिस का दावा है कि आरोपी लोनी से उनकी कार में सवार हुआ और पीरागढ़ी तक साथ आया। रास्ते में उसने लड्डू में जहर मिलाकर उन्हें शराब और कोल्ड ड्रिंक के साथ सेवन कराया। तीनों के अचेत होने के बाद वह नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गया।
वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला के पहने गहने इसलिए नहीं लिया क्योंकि वह आर्टिफिशियल पाया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने जांच को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी कार में मौजूदगी की पुष्टि हुई। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पूर्व में कई मामले दर्ज हैं।
शॉल से पैसे निकालने का करतब दिखाकर लिया झांसे में
पुलिस के अनुसार, मृत महिला लक्ष्मी सबसे पहले अपने पति के इलाज के सिलसिले में जहांगीरपुरी निवासी सलीम के माध्यम से आरोपी तांत्रिक के संपर्क में आई थी। जांच में सामने आया है कि मुलाकात के दौरान आरोपी ने शॉल से पैसे निकालने जैसा करतब दिखाकर धनवर्षा का दावा किया और भरोसा दिलाया कि वह कुछ पैसों को तांत्रिक क्रिया के जरिए कई गुना बढ़ा सकता है।
पुलिस का कहना है कि इसी विश्वास के बाद लक्ष्मी ने शिव नरेश और रणधीर को तांत्रिक से मिलवाया। आरोपी ने तीनों को दो लाख रुपये लाने के लिए कहा और आश्वासन दिया कि तंत्र-क्रिया के माध्यम से यह रकम तीन करोड़ रुपये तक बनाई जा सकती है।