ग्रेटर नोएडा (ग्रेनो) से मौज-मस्ती के लिए गुरुग्राम आई चिकित्सक के साथ सेक्टर-29 मार्केट स्थित पब के स्टाफ और बाउंसरों ने सोमवार देर शाम मारपीट और छेड़छाड़ की। विवाद बिल भुगतान को लेकर शुरू हुआ था। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज नहीं हुए हैं। पीड़िता को बयान दर्ज कराने के लिए मंगलवार को बुलाया गया था लेकिन देर शाम तक नहीं पहुंची थी। पब में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्रेनो निवासी 30 वर्षीय चिकित्सक अपने दोस्तों के साथ सोमवार शाम को सेक्टर-29 मार्केट स्थित फील अलाइव पब और रेस्टोरेंट में एन्जॉय करने आई थी। यहां खाना खाने के बाद बिल भुगतान को लेकर उनमें कहासुनी हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपने दोस्तों के साथ पब से बाहर निकल रही थी तो स्टाफ व बाउंसरों ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया और उनसे मारपीट शुरू कर दी। उन्हें संदेह था कि चिकित्सक ने बिल पेमेंट नहीं किया है। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता से छेड़छाड़ भी की। इस पर उसने पुलिस को शिकायत देकर अनिल, डोली, अनु के खिलाफ केस दर्ज कराया है।