नई दिल्ली। अशोका निकेतन में आयोजित 13वीं शाहदरा जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में करीब 200 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन शाहदरा डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एसोसिएशन ने दिल्ली ताइक्वांडो एसोसिएशन के सहयोग से किया। इसमें सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के शानदार खिलाड़ियों का चयन आगामी दिल्ली स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए किया गया, जिसका आयोजन एक से तीन सितंबर तक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में होगा। विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समापन समारोह में काउंसिल ऑफ दिल्ली के अध्यक्ष अधिवक्ता डीके सिंह, सचिव विपिन गुप्ता, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, तकनीकी निदेशक अमरदीप हलदार सहित कई खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे। संवाद