महिला सुरक्षा की मांग को लेकर करीब हफ्ते भर से आमरण अनशन पर बैठीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल का वजन अब तक पांच किलो से ज्यादा कम हो गया है। उनका शरीर कमजोर हो गया है लेकिन हौसले अब भी बुलंद हैं। मालीवाल ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक वे अनशन पर डटी रहेंगी।
डॉक्टरों के अनुसार मंगलवार तक उनका वजन 5.4 किलो कम हो चुका है। मालीवाल का कहना है कि आठ दिन से आमरण अनशन पर होने के चलते कमजोरी महसूस कर रही हूं, लेकिन उनके इरादे अभी भी वैसे ही हैं।
राजघाट स्थित समता स्थल पर स्वाति मालीवाल को समर्थन देने के लिए महिलाओं और युवतियों की भीड़ बरकरार है। हर कोई स्वाति मालीवाल के साथ खड़ा है और केंद्र सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहा है। मंगलवार को स्वाति की मां संगीता भी उनके साथ दिखाई दीं।