स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव
- फोटो : Amar Ujala
दिल्ली में जमीन तलाश रही स्वराज इंडिया ने भी लोक सभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। पार्टी की पहली कोशिश जनाधार मजबूत करने की है। इसकी शुरुआत बृहस्पतिवार को पार्टी ने ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा मोर्चा के गठन के साथ की। पार्टी का कहना है कि मोर्चा दिल्ली के सभी कोर्ट में मुफ्त कानूनी सहायता देने के साथ-साथ ऑटो चालकों को हर संभव मदद करेगा। पार्टी ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7065211477 भी जारी किया है। इस नंबर पर फोन करके चालक अपनी समस्या बता सकेंगे।
स्वराज इंडिया का मानना है कि बेशक स्वराज इंडिया आगामी लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने नहीं जा रही है, लेकिन इस दौरान लोगों के बीच पैठ बनाने की कोशिश की जा सकती है। इस मौके पर मतदाताओं को उनके हक के प्रति जागरूक करके सचेत किया जा सकता है। ताकि, वह वोट मांगने आने वाले जन प्रतिनिधियों से माकूल सवाल कर सकें। इस दिशा में अलग-अलग मोर्चे काफी मददगार होंगे।
एक पदाधिकारी ने बताया कि सबसे पहले ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा चालकों के बीच पार्टी मजबूत पकड़ बनाएगी। इसके लिए दिल्ली की सभी कोर्ट में नि:शुल्क कानूनी मदद मुहैया कराएगी। वहीं, अपने स्तर पर सरकारी नीतियों से उनके ऊपर पड़ने वाले असर का आकलन करके उसके बारे में मुहिम चलाएगी।